Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या में दीपोत्सव की हाईटेक कवरेज, पत्रकारों के लिए बनेगा आधुनिक मीडिया...

अयोध्या में दीपोत्सव की हाईटेक कवरेज, पत्रकारों के लिए बनेगा आधुनिक मीडिया सेंटर

रामनगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के लिए तैयार है। दीपोत्सव-2026 की तैयारियों के बीच इस बार आयोजन की कवरेज को भी हाईटेक बनाने पर जोर दिया गया है। देश-दुनिया तक दीपोत्सव की हर खास तस्वीर और जानकारी पहुंचाने के लिए धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी हाईटेक मीडिया सेंटर तैयार किया जा रहा है।

मीडिया सेंटर में पत्रकारों के लिए कंप्यूटर, प्रिंटर, स्टेशनरी और हाईस्पीड इंटरनेट समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन और सूचना विभाग मिलकर मीडिया कवरेज की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।

7 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन

दीपावली के मौके पर 5, 6 और 7 नवंबर को दीपोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम 7 नवंबर को होगा। इसमें देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे।

मीडिया की सुविधा के लिए प्रवेश, कवरेज और आवागमन की अलग व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही फोटो और वीडियो कवरेज के लिए विशेष टीमें तैनात रहेंगी। सोशल मीडिया टीम कार्यक्रम स्थलों से तैयार तस्वीरों और वीडियो को तत्काल ऑनलाइन साझा करेगी, जिससे दीपोत्सव की झलक देश-दुनिया तक तेजी से पहुंच सके।

कार्यक्रम स्थलों पर नोडल अधिकारी तैनात

मीडिया समन्वय के लिए अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। साकेत महाविद्यालय, हेलीपैड, रामकथा पार्क, नया घाट, सरयू आरती स्थल, राम की पैड़ी और पुल पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

लखनऊ से अयोध्या आने वाले पत्रकारों के लिए कार्यक्रम से पहले पहुंचाने और आयोजन के बाद वापस लखनऊ लाने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने पत्रकारों से सुरक्षा नियमों, निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास और पार्किंग से जुड़े निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी व्यवस्था का उद्देश्य दीपोत्सव की भव्यता, रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत और आयोजन की महत्वपूर्ण झलकियों को बिना किसी बाधा के व्यापक स्तर पर सामने लाना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular