रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा के शमशाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। मकान पर मजदूरी का काम करते समय युवक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने काफी समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है
