दीपोत्सव 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम कथा पार्क में संतों का सम्मान किया। उन्होंने संतों को मिष्ठान, दक्षिणा और उपहार भेंट किए।
इस दौरान संतों ने अयोध्या में हुए विकास कार्यों, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और दीपोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। संतों ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हिंदू धर्म और संस्कृति को नई पहचान मिली है।

सुग्रीव किला अयोध्या के महंत स्वामी विश्ववेश प्रपन्नाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण हिंदू धर्म, संस्कृति और हिंदू समाज सुरक्षित हैं। हरिधाम पीठ गोपाल मंदिर के महंत जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से आज अयोध्या की पहचान देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुंची है।
उदासीन आश्रम के श्रीमहंत डॉ. स्वामी भरत लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दीपोत्सव को नया और भव्य स्वरूप दिया है। वहीं, वैदेही वल्लभ पुंज बावन जी मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने कहा कि मुख्यमंत्री पर रामलला की विशेष कृपा है। उन्होंने कहा कि वे सिंधु हैं और उनके बारे में जो कुछ कहा जाए, वह बिंदु के समान है।
वासुदेव घाट स्थित पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास ने कहा कि अयोध्या में आज जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि पहले यहां बजबजाती नालियां दिखाई देती थीं, लेकिन अब शहर का स्वरूप बदल रहा है। महंत ने आगामी चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि इससे अयोध्या का विकास और आगे बढ़ेगा।

