Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा, अगरबत्ती से घर में लगी...

लखनऊ में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा, अगरबत्ती से घर में लगी आग; सोते समय झुलसकर बुजुर्ग की मौत

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ।राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से घर में आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कमरे में सो रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग की झुलसकर मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग को संभलने और बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।

घटना ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बाबा हजारा बाग की है। मृतक की पहचान मोहम्मद अतीक (75), पुत्र मोहम्मद हनीफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेले रहते थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात में मच्छरों से बचने के लिए उन्होंने कमरे में अगरबत्ती जलाई थी। आशंका है कि इसी से आसपास रखे सामान में आग लग गई और धीरे-धीरे पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों ने तोड़ा घर का ताला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम तक बुजुर्ग सामान्य रूप से थे। रात में घर से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई।

इसके बाद लोगों ने घर के अंदर से बंद चैनल का ताला तोड़ा और आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।

 पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजन मोहम्मद शाद ने पुलिस को घटना की जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मर्ग दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular