रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही से लेकर दरोगा बनने वाले 2025 बैच के पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान जमा कराई जाने वाली 8 लाख रुपये की बांड राशि की रिकवरी माफ करने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद संबंधित अभ्यर्थियों को अब यह रकम वापस नहीं करनी होगी। लंबे समय से रिकवरी माफ करने की मांग कर रहे पुलिसकर्मियों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है।
दरअसल, 2025 बैच के अभ्यर्थियों पर प्रशिक्षण के दौरान जमा कराई गई 8 लाख रुपये की बांड राशि की रिकवरी का बोझ था। इसको लेकर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राहत देने और रिकवरी माफ करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर सकारात्मक फैसला लेते हुए बांड राशि की रिकवरी माफ करने की घोषणा की।
1,146 कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
भाई दूज के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की।
राजस्व विभाग में अब तक 10,836 नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए चयन आयोग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में अब तक 10,836 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अलावा 7,994 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने जा रही है।
26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि 15 अगस्त 2026 तक प्रदेश में करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। अब 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि 42 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सत्यापन का काम अंतिम चरण में है। सरकार का प्रयास है कि अगले सप्ताह उन्हें भी नियुक्ति पत्र वितरित कर दिए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी तक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
