Homeमनोरंजनसात दिन में 934 करोड़ के पार पहुंची 'रामायण', रणबीर कपूर-यश की...

सात दिन में 934 करोड़ के पार पहुंची ‘रामायण’, रणबीर कपूर-यश की फिल्म ने बनाया नया रिकॉर्ड

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

नई दिल्ली। रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले सप्ताह में ही फिल्म ने कमाई के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है। वीकेंड के साथ वर्किंग डेज में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार है। सात दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 934.55 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन यानी बुधवार को दुनियाभर में 109.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें भारत से 84.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और विदेशी बाजारों से 25 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 70.65 करोड़ रुपये रहा।

पहले हफ्ते में भारत में 500 करोड़ पार

‘रामायण’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। सात दिनों में फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 511.10 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 611.05 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। फिल्म के हिंदी वर्जन को सबसे ज्यादा दर्शक मिल रहे हैं। बुधवार को हिंदी में 58 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वहीं, कन्नड़ वर्जन से 4.50 करोड़, तेलुगु और मलयालम से 2.75-2.75 करोड़ और तमिल वर्जन से 2.65 करोड़ रुपये मिले।

लगातार सात दिन 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई

फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि लगातार सात दिनों तक दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करना है। इससे पहले ‘धुरंधर 2’, ‘पुष्पा 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों ने लगातार चार दिनों तक यह आंकड़ा पार किया था। ‘रामायण’ ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

रणबीर राम और यश बने रावण

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं। वहीं, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। फिल्म के सात दिनों के कलेक्शन ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की कतार में खड़ा कर दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular