उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश के बढ़ते अवसरों के बीच यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच का ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित होने जा रहा है। इस परियोजना पर कंपनी 1,219 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सीएनएच इंडिया रीजन के प्रेसिडेंट नरेंद्र मित्तल ने प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की।
नरेंद्र मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व और सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तर प्रदेश उद्योगों के लिए एक प्रमुख निवेश केंद्र बनकर उभर रहा है। सरकार की प्रगतिशील नीतियों और औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता ने निवेश, नवाचार और विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार की नई संभावनाएं पैदा की हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग और कंपनी पर जताए गए विश्वास की वजह से यह निवेश संभव हो सका है। प्रदेश में विकसित हो रहा सकारात्मक औद्योगिक वातावरण उद्योग जगत को यहां निवेश के लिए आकर्षित कर रहा है।
मित्तल ने कहा कि सीएनएच का यह प्रोजेक्ट केवल एक विनिर्माण संयंत्र की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास पर भी पड़ेगा। इससे औद्योगिक इकोसिस्टम मजबूत होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ सीएनएच की यह साझेदारी कंपनी के लिए महत्वपूर्ण है। कंपनी प्रदेश के औद्योगिक विकास में भागीदारी निभाते हुए एक मजबूत और समृद्ध भविष्य के निर्माण में योगदान देना चाहती है।
