रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
मुंबई। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म में रणबीर कपूर ने प्रभु राम और यश ने रावण का किरदार निभाया है। वहीं, दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है।
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच राम और रावण के किरदारों को लेकर भी चर्चा हो रही है। कुछ दर्शकों का मानना है कि फिल्म के पहले भाग में रावण के सीन राम के मुकाबले ज्यादा प्रभावशाली नजर आए। अब अनुपम खेर ने इस तुलना पर अपनी राय रखी है और बताया कि फिल्म में रावण को इतना शक्तिशाली दिखाने के पीछे निर्देशक नितेश तिवारी की क्या सोच थी।
‘शुरुआत से पता था फिल्म दो हिस्सों में बनेगी’
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में अनुपम खेर ने कहा कि नितेश तिवारी को शुरुआत से ही पता था कि फिल्म दो हिस्सों में बनाई जाएगी। उनके मुताबिक यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था।
अनुपम खेर ने कहा कि फिल्म के पहले भाग में खलनायक को बेहद शक्तिशाली दिखाना जरूरी था। ऐसा इसलिए ताकि कहानी के दूसरे हिस्से में जब अच्छाई की बुराई पर जीत दिखाई जाए तो उसका प्रभाव और ज्यादा बड़ा महसूस हो।
दूसरे पार्ट में दिखेगा अच्छाई और बुराई का बड़ा टकराव
अनुपम खेर के मुताबिक, पहले पार्ट में रावण को मजबूत और प्रभावशाली दिखाने से कहानी में आगे होने वाले संघर्ष की जमीन तैयार होती है। जब दूसरे भाग में राम और रावण का आमना-सामना होगा और अच्छाई की बुराई पर जीत होगी, तो उसका असर दर्शकों पर ज्यादा गहरा पड़ेगा।
फिल्म ‘रामायण’ को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। रणबीर कपूर और यश के अलावा फिल्म में कई बड़े कलाकार अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। फिल्म के पहले भाग के बाद अब दर्शकों की नजर इसके अगले भाग पर है।
