Homeउत्तर प्रदेशयूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, 15 नवंबर को...

यूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, 15 नवंबर को लखनऊ से अभियान का शुभारंभ

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए मुफ्त टैबलेट वितरण अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत शैक्षणिक और तकनीकी पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट देने का लक्ष्य रखा गया है।

15 नवंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल से होगी शुरुआत

राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से 15 नवंबर को इस अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। पहले दिन करीब 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने की तैयारी है। कार्यक्रम के जरिए प्रदेशभर में योजना के तहत वितरण प्रक्रिया को गति दी जाएगी।

सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि पढ़ाई, प्रशिक्षण और कौशल विकास में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा सके।

लखनऊ समेत चार जिलों के विद्यार्थी होंगे शामिल

शुरुआती कार्यक्रम में लखनऊ के अलावा हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। इन जिलों के चयनित विद्यार्थियों को कार्यक्रम में टैबलेट दिए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी चरणबद्ध तरीके से वितरण किया जाएगा।

ग्रेजुएशन से आईटीआई तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

योजना के तहत ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, आईटीआई और कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र युवाओं को लाभ दिया जाएगा। इससे उच्च शिक्षा के साथ व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को भी डिजिटल संसाधनों तक पहुंच मिलेगी।

डिजिटल पढ़ाई और रोजगार के अवसरों को मिलेगा बढ़ावा

मुफ्त टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, ई-बुक, डिजिटल लाइब्रेरी और विभिन्न प्रशिक्षण प्लेटफॉर्म का उपयोग करने में सहूलियत होगी। इसके अलावा युवा ऑनलाइन कोर्स और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए अपनी दक्षता बढ़ा सकेंगे।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर शिक्षा और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular