लखनऊ। छठ पूजा के मद्देनजर राजधानी लखनऊ में 15 और 16 नवंबर को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सूर्यास्त और सूर्योदय अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने हजरतगंज, महानगर और चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में डायवर्जन लागू करने का फैसला लिया है। इस दौरान कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को सूर्यास्त अर्घ्य और कोसी भरने के कार्यक्रम के चलते दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, 16 नवंबर को सूर्योदय अर्घ्य के लिए सुबह 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
हजरतगंज क्षेत्र में इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
चिरैयाझील तिराहे से लक्ष्मण मेला मैदान की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहन सहारागंज, सिकंदरबाग, दैनिक जागरण, पीएनटी चौराहा और क्लार्क अवध तिराहे से होकर जा सकेंगे।
सिकंदरबाग से महानगर जाने वाले वाहन संकल्प वाटिका कटिंग से चिरैयाझील की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें निशातगंज और महानगर होकर जाना होगा। वहीं, 1090 चौराहे से पीएनटी, बैकुंठधाम और संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होते हुए लक्ष्मण मेला मैदान की ओर सामान्य वाहन, रोडवेज और सिटी बसों पर प्रतिबंध रहेगा। इन्हें गोल्फ क्लब और बंदरियाबाग के रास्ते जाना होगा।
कैसरबाग बस अड्डे से चिरैयाझील और संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होकर 1090 चौराहे की ओर रोडवेज बसें नहीं जा सकेंगी। बसों को बर्लिंग्टन, केकेसी पेट्रोल पंप तिराहा और कुंवर जगदीश चौराहे से भेजा जाएगा।
महानगर क्षेत्र में भी बदलेगा यातायात
नदवा बंधा मोड़ से झूलेलाल पार्क की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन चालकों को आईटी चौराहा या सुभाष चौराहे से होकर जाना होगा। इक्का-तांगा स्टैंड से झूलेलाल पार्क जाने वाले वाहन डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, आईटी चौराहा या डालीगंज चौराहे का रास्ता अपनाएंगे।
आईटी चौराहे से हनुमान सेतु मंदिर और सुभाष चौराहे की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग और इक्का-तांगा स्टैंड होकर जाना होगा। नया पक्का पुल से बंधा मार्ग होते हुए बैरल नंबर-2 की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन्हें पुराने पक्के पुल और सीतापुर रोड से जाना होगा।
खदरा और फैजुल्लागंज से नया पक्का पुल की ओर जाने वाले वाहनों को 60 फीटा सीतापुर रोड से निकाला जाएगा। नदवा बंधा यू-टर्न और हनुमान सेतु मंदिर चौराहे से डालीगंज इक्का-तांगा चौराहे की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। इनके लिए विश्वविद्यालय मार्ग और आईटी चौराहा वैकल्पिक रास्ता होगा।
चौक में कुड़ियाघाट जाने वाले रास्ते बंद
चौक क्षेत्र में रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहे से कुड़ियाघाट की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन्हें टीले वाली मस्जिद तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। नया पक्का पुल से कुड़ियाघाट जाने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से निकाला जाएगा।
कैसरबाग बस अड्डे से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बसें कुड़ियाघाट होकर नहीं जा सकेंगी। ये बसें पक्का पुल चौराहा, इमामबाड़ा, रूमी गेट, घंटाघर, कोनेश्वर, बालागंज, दुबग्गा और छंदोइया बाईपास से होकर जाएंगी। वहीं, सीतापुर से कैसरबाग आने वाली रोडवेज बसें मड़ियांव, खदरा, नया पक्का पुल, पक्का पुल चौराहा, शहमीना तिराहा और डालीगंज होकर पहुंचेंगी।
घैला पुल से ग्रीन कॉरिडोर होकर कुड़ियाघाट जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा। वाहनों को छंदोइया बाईपास तिराहे से भेजा जाएगा। राष्ट्रीय प्रेरणास्थल चौराहे से कुड़ियाघाट की ओर जाने वाले वाहन नीचे रैंप से उतरकर वीरांगना अवंतीबाई चौराहे के रास्ते जा सकेंगे।
एंबुलेंस और जरूरी वाहनों को मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट रहेगी। किसी मरीज की आपात स्थिति में प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान घर से निकलने से पहले डायवर्जन की जानकारी जरूर कर लें और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
