रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी में लोकआस्था का महापर्व छठ पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। शनिवार को व्रती खरना की तैयारी में जुटे हैं। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। शहर के लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़ियाघाट समेत प्रमुख पूजा स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों को आकर्षक रंगोलियों, रोशनी और सजावट से भव्य रूप दिया गया है।
खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। शनिवार शाम व्रती विधि-विधान से पूजा करने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती बिना अन्न और जल ग्रहण किए सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करेंगे।
खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों में बांटने की परंपरा है। छठ व्रती इस दौरान तन और मन की शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

लखनऊ में करीब 110 स्थानों पर होगी पूजा
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि शहर के प्रमुख घाटों पर पेंटिंग और सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। गोमती नदी के पानी की सफाई भी कराई गई है। जिला प्रशासन, नगर निगम और एलडीए की ओर से व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में करीब 110 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होता है। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, जल पुलिस और नागरिक पुलिस की तैनाती के साथ गोमती नदी में स्टीमर, फागिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।
मालिनी अवस्थी समेत 100 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति
छठ महापर्व के अवसर पर 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें पद्मश्री मालिनी अवस्थी मुख्य कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगी। उनके साथ 100 से अधिक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले अर्घ्य के अवसर पर करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नगर विकास मंत्री एके शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
राजधानी में छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। घाटों पर होने वाले आयोजनों को लेकर प्रशासन और आयोजन समितियां अंतिम तैयारियों में जुटी हैं।
