उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और मछली उत्पादन बढ़ाने की दिशा में नई पहल की गई है। मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर अब गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा।
इसके लिए शुक्रवार को प्रदेश के मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
एमओयू का आदान-प्रदान महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. और वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद ने किया। इस परियोजना के तहत पूर्वांचल के मत्स्य पालकों, हैचरी संचालकों, युवाओं, शोधकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों को आधुनिक मत्स्य पालन की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मछली उत्पादन और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने पर जोर
महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में मछली उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाना, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना है
। इसके लिए आधुनिक मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र और हैचरी विकसित करने में तकनीकी सहयोग लिया जाएगा। साथ ही मत्स्य विभाग के अधिकारियों और किसानों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि वर्ल्डफिश सेंटर पेंगेसियस और GIFT तिलापिया जैसी उन्नत मछली प्रजातियों के बीज उत्पादन के लिए तकनीकी सहायता देगा। इसमें ब्रूड स्टॉक प्रबंधन से लेकर प्रजनन, स्पॉन, फ्राई और फिंगरलिंग उत्पादन तक की प्रक्रियाओं में विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा।
इसके अलावा अमृत कतला, जयंती रोहू और अमूर कॉमन कार्प जैसी आनुवंशिक रूप से उन्नत प्रजातियों के संरक्षण और बीज उत्पादन के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित करने में सहयोग किया जाएगा। इसके तहत ब्रूड बैंक, रिसर्च फैकल्टी और जर्मप्लाज्म संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
यह परियोजना शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजना है। इसके माध्यम से प्रदेश में उन्नत मछली प्रजातियों के बीज उत्पादन, अनुसंधान, आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे मत्स्य बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ मछली पालकों की उत्पादकता और आय में सुधार की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पोषण और खाद्य सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, मत्स्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, वर्ल्डफिश सेंटर के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
