रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ में नवंबर के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शनिवार सुबह शहर में हल्की धुंध छाई रही, वहीं प्रदूषण का स्तर भी बढ़कर खराब श्रेणी में पहुंच गया। शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 दर्ज किया गया। हवा में PM2.5 की मात्रा सबसे अधिक रही। अलीगंज में प्रदूषण की स्थिति सबसे गंभीर रही, जहां AQI 314 पहुंचने के साथ इलाका रेड जोन में दर्ज किया गया।
प्रदूषण और धुंध के कारण शहर में दृश्यता भी प्रभावित हुई। सुबह के समय दूर स्थित इमारतें धुंध में ओझल नजर आईं। इकाना स्टेडियम और प्लासियो मॉल तक साफ दिखाई नहीं दे रहे थे। वहीं, रहीमाबाद और मलिहाबाद के ग्रामीण इलाकों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई। सड़कों पर वाहन चालकों को आगे का रास्ता देखने में परेशानी हुई।
कई इलाकों में बढ़ा प्रदूषण
शहर के दूसरे मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई। तालकटोरा में AQI 295 और लालबाग में 244 रहा। दोनों स्टेशन ऑरेंज जोन में दर्ज किए गए। इसके अलावा गोमतीनगर में 221, कुकरैल में 225 और अंबेडकर यूनिवर्सिटी में AQI 175 रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार शाम 5 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में लखनऊ का AQI 218 था।
16 नवंबर से 3 से 5 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार सुबह धुंध रहने के बाद आसमान साफ होने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने 14 और 15 नवंबर के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 16 नवंबर से लखनऊ समेत प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और शाम की ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका उत्तर प्रदेश के मौसम पर सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके चलते उत्तर-पश्चिमी हिमालयी और पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है।
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव प्रदेश में बढ़ेगा। इन्हीं हवाओं के कारण 16 नवंबर से तापमान तेजी से नीचे गिरने और सुबह-शाम ठंड बढ़ने की संभावना है।
