Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 38 IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के DM बदले;...

यूपी में 38 IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के DM बदले; अनुज सिंह बने LDA के नए उपाध्यक्ष

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने एक साथ 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में कई जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) बदलने के साथ ही नगर निगमों, विकास प्राधिकरणों और विभिन्न सरकारी विभागों में भी नई तैनाती की गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को भी नया उपाध्यक्ष मिल गया है।

इस फेरबदल में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, एलडीए के उपाध्यक्ष रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। जोगिंदर सिंह को बिजनौर, गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर, शिव शरणप्पा जीएन को महाराजगंज और सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में भी बदलाव

तबादला सूची के अनुसार शाश्वत त्रिपुरारी को नगर आयुक्त वाराणसी, हिमांशु नागपाल को नगर आयुक्त गाजियाबाद और विक्रमादित्य मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। संजय कुमार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे प्राधिकरण का एसीईओ और प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का एसीईओ नियुक्त किया गया है।

गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की जिम्मेदारी अभिषेक कुमार को सौंपी गई है। राजागणपति आर को निदेशक सूडा और राजेश कुमार को सीडीओ अयोध्या बनाया गया है। इसके अलावा संदीप कुमार को सीडीओ मेरठ, पूनम निगम को सीडीओ फतेहपुर, शिशिर कुमार सिंह को सीडीओ श्रावस्ती, शैलेन्द्र कुमार सिंह को सीडीओ अलीगढ़ और योगेन्द्र कुमार को सीडीओ फिरोजाबाद की जिम्मेदारी दी गई है।

नमामि गंगे और अन्य विभागों में नई तैनाती

सरकार ने विभागीय स्तर पर भी कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं। पवन कुमार मीना को विशेष सचिव नमामि गंगे, उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग और श्रीलक्ष्मी वीएस को विशेष सचिव महिला कल्याण बनाया गया है। सुनील कुमार चौधरी को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त और शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन अकादमी का अपर निदेशक नियुक्त किया गया है।

शत्रोहन वैश्य और कृष्ण कुमार सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण में एसीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. नितिन मदान को जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, वंदना त्रिपाठी को अपर आयुक्त सहारनपुर और प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का एसीईओ नियुक्त किया गया है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

प्रत्यूष पांडेय को अपर निदेशक मंडी परिषद, उमेश मिश्रा को विशेष सचिव नगर विकास और नूपुर गोयल को एसीईओ ग्रेटर नोएडा बनाया गया है। मनोज कुमार को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल, अतुल कुमार को अपर आयुक्त बरेली मंडल, मंजूलता को अपर नगर आयुक्त मुरादाबाद और प्रतिभा सिंह को अपर आयुक्त कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा महेंद्र बहादुर सिंह से निदेशक सूडा का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है, जबकि सौम्य श्रीवास्तव से विशेष कार्याधिकारी, ग्रेटर नोएडा का प्रभार वापस लिया गया है।

चुनाव से पहले हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश की नौकरशाही में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती से आने वाले दिनों में प्रशासनिक कामकाज में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular