लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ करेंगे।
लखनऊ के बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित कार्यक्रम में अभियान के पहले दिन 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
इस चरण में लखनऊ मंडल के चार जिलों के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के चयनित विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। इनमें लखनऊ के अलावा हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के छात्र शामिल हैं।
सरकार का उद्देश्य युवाओं को पढ़ाई, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी डिजिटल सुविधाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, आईटीआई, कौशल विकास, चिकित्सा, नर्सिंग और कृषि क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा एमएसएमई और सेवा मित्र पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं को भी इस पहल का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। इनमें औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी और रजनी तिवारी शामिल हैं।
इसके अलावा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लाल जी प्रसाद निर्मल, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, डॉ. महेन्द्र कुमार सिंह और उमेश द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। विधायक जय देवी, डॉ. नीरज बोरा, ओ.पी. श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला और अमरेश कुमार की भी मौजूदगी रहेगी।
