रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ।राजधानी में लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। चार दिवसीय पूजा के तीसरे दिन व्रती महिलाएं गोमती नदी, तालाबों और विभिन्न अस्थायी घाटों पर पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी।
इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाएगी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा।
गोमती नदी के तट पर स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से पिछले 43 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी यहां विशेष तैयारियां की गई हैं।
भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के मुताबिक, रविवार शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
मालिनी अवस्थी समेत 100 कलाकार देंगे प्रस्तुति
छठ महापर्व के अवसर पर लक्ष्मण मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी समेत करीब 100 कलाकार छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन रविवार दोपहर दो बजे से शुरू होकर सोमवार सुबह आठ बजे तक चलेगा।
खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ पूजा के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना की परंपरा निभाई। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां और पारंपरिक प्रसाद बनाने का सिलसिला चलता रहा। शाम को गुड़ और चावल से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया।
कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी निवासी सुनीता राय ने बताया कि छठ का प्रसाद पारंपरिक तरीके से मिट्टी के चूल्हे पर तैयार किया जाता है।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती निर्जला उपवास रखते हैं। वहीं, मानस नगर की काजल सिंह के मुताबिक, परिवार और आसपास के लोगों में प्रसाद वितरण के बाद ही खरना की परंपरा पूरी होती है।
छठ पूजा के दौरान महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए घाट तक जाती हैं। परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर बांस की टोकरी में फल और पूजन सामग्री लेकर चलते हैं। कुछ श्रद्धालु रातभर घाट पर रुकते हैं और सोमवार सुबह सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही घर लौटते हैं। बुजुर्ग महिलाओं के व्रत करने में असमर्थ होने पर बहुओं को व्रत की परंपरा सौंपने का विधान भी निभाया जाता है
गोमती घाट से मोहल्लों तक सजे पूजा स्थल
छठ महापर्व को लेकर राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। झूलेलाल वाटिका, मनकामेश्वर मंदिर उपवन और खदरा स्थित शिव मंदिर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसके अलावा महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी का तालाब, कुड़ियाघाट, पक्का पुल, सांझिया घाट और आलमबाग की छोटी-बड़ी नहरों के आसपास भी पूजा होगी।
कृष्णानगर के सहसों वीर मंदिर, मानस नगर के संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर और कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी के शनि मंदिर परिसर में भी सामूहिक रूप से वेदियां सजाई जाएंगी। गोमती नगर में इकाना स्टेडियम के पास मिथिला समाज की ओर से छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा
बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी
छठ पूजा को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक दिखाई दी। अमीनाबाद, चौक, आलमबाग, निशातगंज और इंदिरानगर के भूतनाथ बाजार में श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री और प्रसाद की खरीदारी की।
बाजारों में नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, सिंघाड़ा, शकरकंद, हल्दी और अदरक की मांग रही। इसके साथ ही बांस से बने सूप-दउरे और मिट्टी के दीपक भी खरीदे गए।
सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगी।
