Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में व्यापारियों ने मनाया दीपावली मिलन समारोह, ऑफलाइन कारोबार को मजबूत...

लखनऊ में व्यापारियों ने मनाया दीपावली मिलन समारोह, ऑफलाइन कारोबार को मजबूत करने पर जोर

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। राजधानी के इंदिरा नगर में आदर्श व्यापारी एसोसिएशन की ओर से दीपावली व्यापारी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मयूर कॉम्प्लेक्स स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों ने आपसी सहयोग बढ़ाने और स्थानीय बाजारों में ऑफलाइन कारोबार को मजबूत बनाने पर चर्चा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के इंदिरा नगर अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने की। इस दौरान ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव के बीच स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों के सामने आ रही चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। व्यापारियों से अपील की गई कि वे एक-दूसरे के प्रतिष्ठानों से खरीदारी को प्राथमिकता दें और आपसी व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करें।

इसके साथ ही सोशल मीडिया, व्हाट्सएप स्टेटस, बैनर और जनसंपर्क के माध्यम से अपने कारोबार का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।

आकाश अग्रवाल ने कहा कि व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग और मजबूत व्यावसायिक संबंध जरूरी हैं। संगठन न केवल व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहा है, बल्कि उनके कारोबार को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है।

समारोह के दौरान शरद मेहरोत्रा, आशुतोष अवधवाल, सितांशु सोनकर, शिवम प्रताप सिंह, हिमांशु सिंह और विनोद शर्मा को सामाजिक समरसता एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘अवध ए लखनऊ सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। समारोह का समापन आतिशबाजी और अल्पाहार के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular