रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। दिवाली और छठ पूजा के बाद सोमवार को लखनऊ के मेडिकल संस्थानों और सरकारी अस्पतालों की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। KGMU में सुबह 5 बजे से ही मरीजों की कतार लगनी शुरू हो गई। नई ओपीडी के बाहर करीब एक किलोमीटर तक लंबी लाइन देखने को मिली। त्योहारों के चलते पिछले करीब एक सप्ताह से ओपीडी में मरीजों की संख्या कम थी। ऐसे में सोमवार को बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे।
सुबह से ही अस्पताल परिसर में जुटे मरीज
सुबह 8 बजे ओपीडी भवन खुलने के बाद मरीजों और तीमारदारों की एंट्री शुरू हुई। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, टोकन लेने और डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मरीजों की संख्या अधिक होने से ओपीडी में भीड़ और अव्यवस्था जैसे हालात बन गए। कई लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए सड़क तक कतार में बैठे नजर आए।
रजिस्ट्रेशन के लिए करना पड़ा लंबा इंतजार
KGMU के लगभग सभी बड़े विभागों में डॉक्टरों की तैनाती रही, लेकिन मरीजों की भारी संख्या के चलते लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। दूर-दराज के इलाकों से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में भी काफी समय लगा, जिसके कारण मरीजों को डॉक्टर तक पहुंचने में देरी हुई।
