रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Huawei अपना नया फोल्डेबल स्मार्टफोन Huawei Mate X8 लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने फोन की लॉन्च डेट कन्फर्म कर दी है। यह स्मार्टफोन 24 नवंबर को चीन में पेश किया जाएगा। लॉन्च की तारीख की घोषणा से एक दिन पहले कंपनी ने टीजर के जरिए फोन का डिजाइन भी दिखाया था।
Huawei Mate X8 में इनवर्ड फोल्डिंग डिजाइन देखने को मिलेगा। यानी फोन को बंद करने पर इसकी बड़ी स्क्रीन अंदर की तरफ रहेगी। वहीं, बैक पैनल पर राउंड शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया जा सकता है।
दो वेरिएंट में आ सकता है Huawei Mate X8
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस स्मार्टफोन को स्टैंडर्ड और कलेक्टर एडिशन सहित दो वेरिएंट में पेश कर सकती है। स्टैंडर्ड मॉडल में 12GB रैम के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज के विकल्प मिल सकते हैं। वहीं, कलेक्टर एडिशन में 16GB रैम और 512GB से लेकर 1TB तक स्टोरेज मिलने की उम्मीद है।
8.15 इंच की इनर डिस्प्ले और 6000mAh बैटरी
संभावित स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Huawei Mate X8 में 6.5 इंच की कवर डिस्प्ले और 8.15 इंच की इनर डिस्प्ले मिल सकती है। दोनों स्क्रीन का आकार पिछले मॉडल Huawei Mate X7 के मुकाबले थोड़ा बड़ा हो सकता है। फोन में 6000mAh की बैटरी दिए जाने की भी चर्चा है।
फोटोग्राफी के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिल सकता है। इसके अलावा फोन में iPhone की तरह वेरिएबल अपर्चर फीचर और प्राइवेसी डिस्प्ले का सपोर्ट मिलने की संभावना है।
फिलहाल कंपनी ने Huawei Mate X8 की कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है। इनकी जानकारी लॉन्च इवेंट के दौरान सामने आ सकती है।
