Homeउत्तर प्रदेशसरोजनीनगर में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन

सरोजनीनगर में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन

रिपोर्ट : प्रिय बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार सुबह सरोजनीनगर क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन हो गया।

दरोगा खेड़ा, सैनिक ग्राउंड बदाली खेड़ा और गौरी स्थित छठ घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाएं पारंपरिक पूजन सामग्री, फल, ठेकुआ और सूप में सजाए गए प्रसाद के साथ घाटों पर पहुंचीं। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना से घाटों का माहौल भक्तिमय बना रहा।

मंगल गीतों से गूंजे छठ घाट

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान व्रती महिलाओं ने छठी मैया के मंगल गीत गाए। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। घाटों पर सुबह से ही पूजा को लेकर उत्साह देखने को मिला।

36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय आयोजकों और श्रद्धालुओं ने पूजा की व्यवस्थाओं में सहयोग किया, जिससे छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular