रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर प्रदेशवासियों के नाम चिट्ठी लिखकर उनसे संवाद किया है। ‘योगी की पाती’ नाम से लिखे इस पत्र में मुख्यमंत्री ने संवाद यात्रा के 50 सप्ताह पूरे होने पर अपनी भावनाएं साझा कीं। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता से नियमित संवाद करने के लिए पाती लिखने का विचार उनके मन में कैसे आया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के बीच निरंतर संवाद और संवेदनशील जुड़ाव बेहद जरूरी है।
वनटांगिया गांव की यात्रा से मिली प्रेरणा
सीएम योगी ने पत्र में वनटांगिया गांव की अपनी पहली यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां कोल, गोंड, मुसहर, भारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों की स्थिति देखकर वह काफी व्यथित हुए थे। इन समुदायों के लोग वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। उनकी समस्याओं और पीड़ा ने शासन की जिम्मेदारी को लेकर उनके मन में गहरा प्रभाव छोड़ा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसी अनुभव ने उन्हें यह महसूस कराया कि शासन और जनता के बीच लगातार संवाद होना चाहिए। ‘योगी की पाती’ की प्रेरणा भी इसी सोच से निकली है।
उत्तर प्रदेश को बताया एक परिवार
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि उनकी सहज भावना थी कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उत्तर प्रदेश महज एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व और विश्वास के साथ संवाद होता है।
इसी सोच के साथ उन्होंने ऐसे विषयों पर प्रदेशवासियों से संवाद शुरू किया, जो सीधे उनके जीवन, आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं।
