रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने मुंबई के जुहू बीच पर श्रद्धालुओं के साथ छठ महापर्व में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मनाया। एक्ट्रेस ने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की और उनके साथ छठ पूजा के उत्सव में शामिल हुईं। इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किए हैं।
छठ पूजा के लिए तमन्ना ने सरसों के पीले रंग का खूबसूरत अनारकली सूट चुना। उनके सूट की नेकलाइन, आस्तीन और किनारों पर सिल्वर और सफेद रंग की बारीक कढ़ाई की गई थी। पारंपरिक परिधान में उनका अंदाज काफी आकर्षक नजर आया। उन्होंने अपने लुक को स्टेटमेंट इयररिंग्स के साथ पूरा किया। वहीं, बालों को जूड़े में बांधा और हल्का मेकअप रखा।

सोशल मीडिया पर साझा कीं तस्वीरें
तमन्ना ने छठ पूजा के उत्सव की झलकियां इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, ‘देवी का आशीर्वाद और आप सबका प्यार, छठी मैया की कृपा बनी रहे! छठी मैया की जय!’ उन्होंने मुंबई में श्रद्धालुओं के साथ इस महापर्व को मनाने पर खुशी जाहिर की। एक्ट्रेस को इस दौरान लोगों का भरपूर स्नेह मिला।
फिल्म में भी दिखा छठ पूजा का महत्व
तमन्ना का छठ पूजा में शामिल होना उनकी फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की रिलीज के बाद खास माना जा रहा है। फिल्म में छठ पूजा से जुड़ा एक दृश्य भी है। बताया जाता है कि इस दृश्य की तैयारी के दौरान एक्ट्रेस ने पर्व की परंपराओं और धार्मिक महत्व को समझने के लिए विशेष अध्ययन किया था।
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनूप सोनी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। 25 सितंबर को रिलीज हुई यह फिल्म बिहार के बिहटा स्थित वन देवी मंदिर से जुड़ी लोककथाओं से प्रेरित है। फिल्म में छठ पूजा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी दर्शाया गया है।
