Homeउत्तर प्रदेशबंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 5 राज्यों में भारी...

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; यूपी में 2 दिन में 5 डिग्री गिरेगा पारा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जाने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने 17 से 21 नवंबर तक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है।

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। इसे देखते हुए मछुआरों को 20 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

दूसरी ओर, राजस्थान में पिछले दो दिनों से हुई बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मध्य प्रदेश में भी सर्दी का असर तेज हो रहा है। यहां 20 नवंबर के बाद बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है।

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में रविवार देर रात बारिश के साथ बर्फबारी हुई। इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी हो चुकी है। पहाड़ों पर बदले मौसम का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

यूपी के 25 शहरों में घना कोहरा, दो दिन में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं और कोहरे ने सर्दी बढ़ा दी है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। देवरिया, बस्ती और फतेहपुर में विजिबिलिटी काफी कम हो गई। कई जगहों पर 20 मीटर दूर देखना भी मुश्किल रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है।

राजस्थान में बारिश से 30 डिग्री से नीचे आया पारा

राजस्थान में दो दिन हुई बारिश के बाद दिन के तापमान में गिरावट आई है। बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली और फतेहपुर में भी रविवार को सामान्य से ज्यादा ठंड रही। अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड, इंदौर दूसरा सबसे ठंडा शहर

मध्य प्रदेश में रात और सुबह के समय ठंड बढ़ने लगी है। इंदौर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। जबलपुर और उज्जैन समेत 16 शहरों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

जम्मू-कश्मीर में हो रही ताजा बर्फबारी से माछिल घाटी बर्फ की चादर से ढक गई है।

उत्तराखंड के चारों धामों में बर्फबारी

उत्तराखंड के केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी हुई है। मुनस्यारी की ऊंची चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। हालांकि, प्रदेश के सभी जिलों में सोमवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरा छाने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा में मौसम का हाल

पंजाब और चंडीगढ़ में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। सुबह और रात के समय कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है।

हरियाणा में दिन में धूप और रात में ठंड का असर बढ़ रहा है। प्रदेश के 15 शहरों में AQI 200 के पार पहुंच गया है। भिवानी में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल में सामान्य से 70% कम बारिश

हिमाचल प्रदेश में नवंबर के दौरान अब तक सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular