Homeउत्तर प्रदेशवीरांगना उदा देवी पासी के शहादत दिवस पर निकला कैंडल मार्च, कौशल...

वीरांगना उदा देवी पासी के शहादत दिवस पर निकला कैंडल मार्च, कौशल किशोर की अगुवाई में हजारों लोग हुए शामिल

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ । 1857 की क्रांति की वीरांगना उदा देवी पासी के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को राजधानी लखनऊ में भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। पारख महासंघ के बैनर तले पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर वीरांगना उदा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस व बलिदान को याद किया। इस दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को सही दिशा देने का संकल्प भी लिया गया।

जीपीओ पार्क से सिकंदरबाग तक निकला कैंडल मार्च

कैंडल मार्च की शुरुआत रविवार शाम हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर की अगुवाई में मार्च सिकंदरबाग चौराहे की ओर रवाना हुआ। मार्च में शामिल लोग हाथों में जलती मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

सिकंदरबाग चौराहे पर पहुंचकर सभी ने वीरांगना उदा देवी पासी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके बलिदान को याद करते हुए देश की आजादी में उनके योगदान पर चर्चा की गई।

36 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराने की वीरता को किया याद

सभा को संबोधित करते हुए कौशल किशोर ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना उदा देवी के अदम्य साहस का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उदा देवी ने पीपल के पेड़ पर चढ़कर अकेले ही 36 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराया था। उनका यह शौर्य और बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उदा देवी का जीवन देश की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कौशल किशोर ने कहा कि आज युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज की बड़ी जिम्मेदारी है। युवा अपनी ऊर्जा नशे में बर्बाद करने के बजाय देश और समाज के निर्माण में लगाएं। यही वीरांगना उदा देवी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को दर्शाया। कलाकारों ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। नाटक के जरिए बताया गया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करती है।

वहीं, कैंडल मार्च में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में तख्तियां लेकर देश में एक समान शिक्षा प्रणाली लागू करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों को शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए, ताकि आर्थिक और सामाजिक स्थिति के आधार पर उनके भविष्य में अंतर न हो।

जनप्रतिनिधियों समेत हजारों लोग रहे मौजूद

कैंडल मार्च में मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल, मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मीनू वर्मा, राम कुमार राही और प्रधान सर्वेश रावत समेत पारख महासंघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भागीदारी की।

RELATED ARTICLES

Most Popular