Homeउत्तर प्रदेशतकनीकी अड़चनें भी नहीं रोक पाईं रफ्तार, दीपावली से पहले 3 लाख...

तकनीकी अड़चनें भी नहीं रोक पाईं रफ्तार, दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों के खातों में पहुंचा मानदेय

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने दीपावली से पहले करीब तीन लाख कार्मिकों और लाभार्थियों के खातों में 441.27 करोड़ रुपये की देय धनराशि पहुंचाई।

एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर तकनीकी और प्रक्रियागत दिक्कतों के बावजूद भुगतान प्रक्रिया को समय से पूरा किया गया। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने अवकाश के दिनों में भी काम किया और सुबह से देर रात तक भुगतान की मॉनीटरिंग की।

एनएचएम की महानिदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले कर्मचारियों और लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

इसे प्राथमिकता देते हुए एनएचएम ने भुगतान प्रक्रिया में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए। उन्होंने खुद पूरे भुगतान की लगातार निगरानी की और अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकें कीं।

 

सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक हुई मॉनीटरिंग

भुगतान के दौरान कई स्तरों पर तकनीकी समस्याएं सामने आईं। कहीं डेटा में कमियां थीं तो कहीं आधार लिंकिंग और एसएनए-स्पर्श पोर्टल से जुड़ी दिक्कतों के कारण भुगतान प्रभावित होने की आशंका थी। इन समस्याओं को दूर करने के लिए सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक अधिकारियों के साथ बैठकें की गईं। लंबित मामलों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

अवकाश के दिनों में भी एनएचएम कार्यालय खुला रहा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने डेटा का सत्यापन किया और जिन रिकॉर्ड में कमियां थीं, उन्हें दुरुस्त कराया। इस दौरान भुगतान की शुद्धता और पारदर्शिता का भी ध्यान रखा गया।

आधार लिंकिंग की समस्या के समाधान के लिए केंद्र को पत्र

एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर आधार लिंकिंग से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए भारत सरकार को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध भी किया गया। तकनीकी बाधाओं के बावजूद पात्र लोगों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्तर पर लगातार समन्वय किया गया।

एनएचएम के अनुसार, दीपावली से पहले 74 हजार कार्मिकों को मानदेय, 1.51 लाख आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि और 79,071 जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभार्थियों को देय राशि का भुगतान किया गया। इन सभी भुगतानों को मिलाकर कुल 441.27 करोड़ रुपये की धनराशि खातों में भेजी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular