Homeउत्तर प्रदेशएशिया कप में आगरा के मनल चौहान का जलवा, 47 रन बनाकर...

एशिया कप में आगरा के मनल चौहान का जलवा, 47 रन बनाकर भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका

रिपोर्ट- अमित शर्मा

आगरा।एशिया कप में भारतीय अंडर-19 टीम की शानदार जीत के साथ आगरा के एक होनहार खिलाड़ी ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में आगरा के मनल चौहान ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा।

मनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 47 रन बनाए और भारतीय टीम की8 जीत में अहम योगदान दिया। बेटे की इस उपलब्धि से आगरा स्थित परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार के लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मना रहे हैं।

मनल चौहान भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम को मजबूती दी, बल्कि उनके परिवार को भी गर्व का यादगार पल दिया। घर में बेटे की कामयाबी की चर्चा है और हर कोई उसकी मेहनत और लगन की सराहना कर रहा है।

 बचपन से था क्रिकेट का जुनून, पिता ने भी दिया पूरा साथ

मनल के पिता सुदीप चौहान मैनपुरी के नगला जुला गांव के प्रधान हैं, जबकि उनकी मां प्रीति चौहान गृहिणी हैं। पिता सुदीप चौहान ने बताया कि मनल को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। बेटे की क्रिकेट में बढ़ती रुचि को देखते हुए उन्होंने उसे क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया और उसके सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग किया।

हालांकि, शुरुआत में बेटे की पढ़ाई को लेकर पिता को चिंता रहती थी। उन्हें लगता था कि क्रिकेट के साथ पढ़ाई का संतुलन बनाए रखना आसान नहीं होगा। लेकिन मनल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह खेल और पढ़ाई दोनों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर रखेगा। इसके बाद उसने लगातार मेहनत जारी रखी और अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ता गया।

मनल ने अंडर-14 और अंडर-16 स्तर पर क्रिकेट खेला। इसके बाद अंडर-19 टीम तक का सफर तय किया। पिता के मुताबिक, मनल ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका में भी क्रिकेट खेल चुका है और वहां पदक जीतकर परिवार का नाम रोशन कर चुका है।

बेटे की जीत के लिए मां ने की थी प्रार्थना, अब वर्ल्ड कप जीतने की इच्छा

मनल की मां प्रीति चौहान बेटे की सफलता का श्रेय ठाकुर बांके बिहारी जी की कृपा को देती हैं। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि जब बेटा घर से मैच खेलने के लिए निकला था, तब उसने जीतकर लौटने का वादा किया था।

प्रीति चौहान के मुताबिक, मनल ने उनसे कहा था कि वह अपनी पूरी ताकत लगा देगा, लेकिन जीत हासिल करके ही लौटेगा। मां ने बताया कि जब टीवी पर मैच चल रहा था, तब वह मां होने के नाते बेटे की बल्लेबाजी देखने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थीं। दिल में एक अनजाना डर था कि कहीं बेटे के साथ कुछ गलत न हो जाए। हालांकि, जैसे ही भारतीय टीम की जीत की खबर मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

मां ने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित है। अब उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि मनल भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाए और देश के लिए क्रिकेट खेले। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन बेटा भारतीय टीम के साथ विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन करेगा।

 

मनल चौहान की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो मेहनत और लगन के दम पर खेल की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। आगरा और मैनपुरी के इस होनहार खिलाड़ी की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि परिवार का सहयोग और खिलाड़ी का समर्पण उसे बड़े मुकाम तक पहुंचा सकता है। अब परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी मनल के भारतीय सीनियर टीम में खेलने का इंतजार है।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular