Homeउत्तर प्रदेशCM योगी बोले- नई पीढ़ी को बताना होगा 10 साल पहले के...

CM योगी बोले- नई पीढ़ी को बताना होगा 10 साल पहले के यूपी का सच, अब प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त

रिपोर्ट: न्यूज़ डेस्क, लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को 10 साल पहले के उत्तर प्रदेश की परिस्थितियों से परिचित कराना जरूरी है। युवाओं को यह जानना चाहिए कि प्रदेश में पहले किस तरह दंगे, अराजकता, गुंडागर्दी और रंगदारी का माहौल था। वर्तमान की उपलब्धियों को समझने के लिए अतीत की परिस्थितियों को जानना भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को एक निजी चैनल के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में प्रदेश के विकास, कानून-व्यवस्था, रोजगार और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे।

‘बंटोगे तो कटोगे’ का संदेश सतर्कता के लिए

सीएम योगी ने कहा कि ‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ का संदेश किसी ध्रुवीकरण के लिए नहीं, बल्कि सतर्कता और सावधानी के लिए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित होता है, जब हम भूतकाल को देखते हैं। भविष्य तभी गरिमामय होगा, जब वर्तमान सुधरेगा। पिछली सरकारों की गलतियों को सुधारकर प्रदेश में बदलाव लाया गया है। अब इसे आगे बढ़ाना नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है।

सपा सरकार के दौरान दंगों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए जवाहर बाग, मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ में हुई घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और बरेली में हर तीसरे महीने दंगा होने की स्थिति रहती थी।

उन्होंने जवाहर बाग की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव की हत्या हुई थी। इस घटना में कुल 23 लोगों की जान गई थी। सीएम ने दावा किया कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हुआ है।

मथुरा-अयोध्या चुनावी एजेंडा नहीं, आस्था के केंद्र

मथुरा और अयोध्या को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनावी एजेंडे नहीं, बल्कि लोगों की आस्था के केंद्र हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मथुरा-वृंदावन का विकास और 4,500 से अधिक प्राचीन मंदिरों एवं आध्यात्मिक स्थलों का पुनरुद्धार विरासत को सम्मान देने का प्रयास है।

उन्होंने सीर गोवर्धन में संत रविदास कॉरिडोर, प्रतिमा और फोरलेन सड़क का भी उल्लेख किया। साथ ही कांग्रेस और सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

9.75 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि अब तक प्रदेश में 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य 10 साल का कार्यकाल पूरा होने तक यह संख्या 10.5 लाख तक पहुंचाने का है। निवेश के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में 3.25 करोड़ से अधिक लोग काम कर रहे हैं। वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इनमें करीब आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं।

यूपी का युवा अब जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। कानपुर में मेडटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में एआई सिटी विकसित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये हुई है।

जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और बिजली व्यवस्था को प्रदेश के विकास की नई पहचान बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में पहले कट्टा और बम बनते थे, आज वहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular