रिपोर्ट: अजयपाल यादव | बदायूं
बदायूं जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित मोबाइल की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक, चोर रोशनदान तोड़कर मोबाइल दुकान के अंदर दाखिल हुए और वहां से छह नए कीपैड मोबाइल, 12 से 14 पुराने मोबाइल और 45 हजार 300 रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई तो दुकानदार के होश उड़ गए।
वहीं, गांव खजुरिया में चोरों ने दो बंद मकानों को भी निशाना बनाया। दोनों मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। एक घर से 15 हजार रुपये नकद, चांदी की पाजेब, अंगूठी और घरेलू सामान चोरी कर लिया गया। इसके अलावा चोर धान और गेहूं की कई बोरियां भी अपने साथ ले गए।
एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।




