Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ: 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर का आवास...

लखनऊ: 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर का आवास घेरा, 79 दिन से धरना जारी

रिपोर्ट: प्रिय बाजपेयी शुक्ला 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण की विसंगतियों को दूर कर नियुक्ति देने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। बुधवार को लखनऊ में अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द नियुक्ति शेड्यूल जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि नियुक्ति की निश्चित समय सीमा चाहिए।

दरअसल, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पिछले 79 दिनों से लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे हैं। बुधवार को आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर मंत्री अनिल राजभर के आवास पहुंच गए। अभ्यर्थियों ने कहा कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगतियों से जुड़े मामले का जल्द निस्तारण किया जाए और सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति का कार्यक्रम घोषित किया जाए।

प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर किया विरोध प्रदर्शन।

मंत्री के लौटने का करते रहे इंतजार

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों को बताया गया कि मंत्री अनिल राजभर कैबिनेट बैठक में शामिल होने गए हैं। इसके बाद उनके आवास पर मौजूद लोगों ने प्रदर्शनकारियों को अंदर बुलाकर बैठाया और आश्वासन दिया कि मंत्री के बैठक से लौटने के बाद उनसे मुलाकात कराई जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी मंत्री के आवास पर ही डटे रहे।

‘नियुक्ति शेड्यूल जारी होने तक नहीं हटेंगे’

आंदोलन के नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि आंदोलन के 79 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक नियुक्ति शेड्यूल जारी नहीं होगा, अभ्यर्थी आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। मंत्री से मुलाकात किए बिना भी वापस नहीं लौटेंगे।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि नियुक्ति शेड्यूल जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर मामले को जानबूझकर उलझाने का आरोप लगाया और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

मंत्री के आवास के बाहर डमरू बजाते हुए।

आयोगों के आदेशों का अनुपालन कराने की मांग

आंदोलन के दूसरे नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह ने कहा कि ‘दस्तक दो अभियान’ के तहत अभ्यर्थी राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद समिति के आदेशों का अनुपालन कराकर रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति सचिवालय तक भी इस मामले का संज्ञान पहुंच चुका है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों की मांग है कि आयोगों के आदेशों का अनुपालन करते हुए 150 पूर्णांक में 60 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी किया जाए। इसके साथ ही सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए तत्काल शेड्यूल घोषित किया जाए।

प्रदर्शन में रंजना जायसवाल, प्रतिमा कुशवाहा, संजू यादव, सुमन यादव, रण बहादुर वर्मा, उत्कर्ष सिंह पटेल, विनय वर्मा, सुनील कुमार, सुधीर वर्मा समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल रहे।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular