Homeउत्तर प्रदेशविश्व धरोहर सप्ताह: यूपी के 27 जिलों में 41 कार्यक्रम, विरासत से...

विश्व धरोहर सप्ताह: यूपी के 27 जिलों में 41 कार्यक्रम, विरासत से जुड़ेगी नई पीढ़ी

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ, 19 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए विश्व धरोहर सप्ताह-2026 के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

25 नवंबर तक राज्य के 27 जिलों में कुल 41 शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘हमारी धरोहर-हमारा गौरव’ रखी गई है।

राज्य पुरातत्व निदेशालय की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में छायाचित्र प्रदर्शनियां, संगोष्ठियां, स्मारक भ्रमण, व्याख्यान, चित्रकला, निबंध और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहर से परिचित कराना है।

आंबेडकर विश्वविद्यालय में लगी छायाचित्र प्रदर्शनी

आयोजन के पहले दिन बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग और राज्य पुरातत्व निदेशालय की ओर से गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रंथालय में छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसका शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने किया। प्रदर्शनी में करीब 600 विद्यार्थियों ने प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों की तस्वीरों के जरिए उनकी विशेषताओं को जाना।

प्रदर्शनी में फतेहपुर के रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी के कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ के गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी के मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला और रसखान की समाधि समेत कई महत्वपूर्ण धरोहरों को प्रदर्शित किया गया। चंदौली के मलहर और सोनभद्र के राजा नल का टीला जैसे उत्खनित पुरास्थलों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया।

स्कूल-कॉलेजों में होंगे कई कार्यक्रम

विश्व धरोहर सप्ताह के तहत बिजनौर, रायबरेली, जौनपुर, झांसी, कुशीनगर, मथुरा, प्रयागराज और आजमगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बुंदेलखंड के इतिहास और पुरातत्व में नए अनुसंधानों को लेकर संगोष्ठी, पुस्तक विमोचन और प्रदर्शनी का आयोजन हुआ।

आने वाले दिनों में फिरोजाबाद, मऊ, संत कबीर नगर, चित्रकूट, लखीमपुर खीरी, चंदौली, ललितपुर, गोरखपुर, आगरा, फतेहपुर, मीरजापुर, प्रतापगढ़, सुलतानपुर और सहारनपुर समेत अन्य जिलों में कार्यक्रम होंगे। 21 से 25 नवंबर के बीच कई संरक्षित स्मारकों का शैक्षणिक और सामान्य भ्रमण भी कराया जाएगा।

चार जिलों के स्मारकों पर चलेगा सफाई अभियान

22 नवंबर को झांसी, प्रयागराज, फतेहपुर और चित्रकूट के चार संरक्षित स्मारकों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिए ऐतिहासिक स्थलों और उनके आसपास के परिसरों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही धरोहरों के संरक्षण में सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

25 नवंबर को होगा समापन

विश्व धरोहर सप्ताह का समापन 25 नवंबर को सीतापुर, वाराणसी, ललितपुर, देवरिया, मैनपुरी और प्रयागराज में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ होगा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फोटोग्राफी प्रतियोगिता, छायाचित्र प्रदर्शनी और व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। वहीं ललितपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह होगा।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular