Homeउत्तर प्रदेशसपा के रोड शो में किशोर की मौत पर CM योगी सख्त

सपा के रोड शो में किशोर की मौत पर CM योगी सख्त

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत की घटना पर कड़ा रुख अपनाया।

उन्होंने घटना को निर्मम हत्या बताते हुए प्रशासन को सड़क पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए हैं, किसी राजनीतिक दल के गुंडों की अराजकता के लिए नहीं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 792 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

सीएम योगी ने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए किशोर को सपा के रोड शो का शिकार बनाया गया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा करते हुए कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों को ढूंढकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

491 करोड़ की लागत से बनेगा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया। विश्वविद्यालय का निर्माण 123 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यहां स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा स्तर पर सिल्वीकल्चर, एग्रोफॉरेस्ट्री और औद्यानिकी से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले सत्र से वैकल्पिक स्थान पर विश्वविद्यालय की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके बाद तय समयसीमा में विश्वविद्यालय का भवन तैयार किया जाएगा।

किसानों के लिए विशेष पैकेज का ऐलान

सीएम योगी ने कहा कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को गोरखपुर में करीब 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। प्रभावित किसानों के लिए जल्द ही अलग से विशेष पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नियमों में संशोधन करने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि 12 जुलाई 2026 को एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए गए। उनके अनुसार, साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 280 करोड़ पौधरोपण किया गया है।

अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि रामभक्तों को अच्छे समय में राम याद आते हैं, जबकि दुर्जनों को अंत समय में मारीच की तरह राम नाम याद आता है। उन्होंने अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि आमने-सामने मुकाबला करने की हिम्मत हो तो मैदान में आएं।

सीएम ने सपा, कांग्रेस, बसपा और एआईएमआईएम पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हैदराबाद से आकर यूपी में मचल रहे लोगों को चुनाव परिणाम के बाद जवाब मिल जाएगा।

सपा सरकार पर जमीन कब्जाने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने पिछली सपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में दलित, निषाद, यादव, ब्राह्मण और अन्य समुदायों की जमीनों पर कब्जे होते थे और कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर सरकारी धन खर्च किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज वही बजट मंदिरों के पुनरुद्धार और महापुरुषों के स्मारकों पर खर्च किया जा रहा है।

पूर्वांचल को शिक्षा और शोध का केंद्र बनाने पर जोर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पूर्वांचल अब पिछड़ेपन से निकलकर शिक्षा और शोध का केंद्र बन रहा है। मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि गोरखपुर में स्वीकृत मत्स्य विश्वविद्यालय का उद्घाटन जल्द किया जाएगा।

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने उत्तर प्रदेश को निवेश और हरित विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ता प्रदेश बताया। सांसद रवि किशन शुक्ला ने रोड शो के दौरान किशोर की मौत का मुद्दा उठाते हुए पिछली सरकारों पर अपराध और इंसेफेलाइटिस को लेकर निशाना साधा।

कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, मंत्री संजय निषाद, डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद रवि किशन शुक्ला, विधायक फतेह बहादुर सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular