Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में भीषण सड़क हादसा, दो भारी वाहनों के बीच पिचकी कार;...

लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, दो भारी वाहनों के बीच पिचकी कार; युवती की मौत, चार घायल

लखनऊ। रायबरेली हाईवे पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा हरिकंशगढ़ी स्थित अल्ट्राटेक गिट्टी प्लांट के सामने रात करीब पौने 12 बजे हुआ। शादी समारोह से लौट रही कार पहले प्लांट से निकल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी। दोनों भारी वाहनों के बीच फंसने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद कार में सवार पांचों लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही हरिकंशगढ़ी चौकी प्रभारी शिव कुमार और कांस्टेबल राहुल कुमार राणा मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया और चार घायलों को कार से बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर-2 भेजा।

डेढ़ घंटे तक कार में फंसी रही समीक्षा

हादसे में पीजीआई के वृंदावन योजना सेक्टर-7 निवासी अधिवक्ता राजेश सिंह की पत्नी गीता और उनकी 20 वर्षीय बेटी समीक्षा भी सवार थीं। परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। कार के पिछले हिस्से में समीक्षा बुरी तरह फंस गई थी। उसे बाहर निकालने में पुलिस को करीब डेढ़ घंटे का समय लगा।

पीजीआई थाने की कल्ली चौकी प्रभारी अनूप तिवारी और एसआई गिरीश यादव भी मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में समीक्षा को ट्रॉमा सेंटर-2 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं शिखर, उनकी पत्नी सुकृति, मां आशा और गीता का इलाज चल रहा है।

सीएनजी कार होने से बढ़ा खतरा

हादसे में क्षतिग्रस्त कार सीएनजी से चलती थी। रेस्क्यू के दौरान कार के सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट की आशंका बनी हुई थी। हालांकि गनीमत रही कि कोई विस्फोट नहीं हुआ। समीक्षा को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने कार से सिलेंडर अलग कर दिया।

डंपर चालक फरार, ट्रक पुलिस के कब्जे में

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। समीक्षा का शव ट्रॉमा सेंटर की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो घंटे बाद पहुंची हाईवे मेंटिनेंस टीम

हादसे के करीब दो घंटे बाद हाईवे मेंटिनेंस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चार घायलों को बाहर निकाला जा चुका था। मेंटिनेंस टीम के देर से पहुंचने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अल्ट्राटेक गिट्टी प्लांट के बाहर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाले ट्रक और डंपर कई बार उल्टी दिशा से तेज रफ्तार में हाईवे पर आते हैं। आगे स्थित धर्मकांटे पर भी लोडेड वाहनों के उल्टी दिशा में चलने का आरोप है।

लोगों का कहना है कि प्लांट के बाहर भारी वाहनों से लगातार धूल उड़ती रहती है, जिससे हाईवे पर वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही और धूल की समस्या पर कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular