रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
गोरखपुर। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर सात नामजद समेत कुल 65 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में जेसीबी चालक, आयोजन समिति से जुड़े लोगों
घरेलू काम से निकला था किशोरऔर 50 से 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने जेसीबी मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
झंगहा क्षेत्र के राजधानी गांव निवासी ओंकार सिंह वर्तमान में कूड़ाघाट की आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे घरेलू काम से मुख्य सड़क की ओर गया था।
इसी दौरान सपा की रथयात्रा में शामिल जेसीबी ने किशोर को टक्कर मार दी। पिता का आरोप है कि जेसीबी चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे में आर्यवर्धन गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सात नामजद, 50 से 60 अज्ञात आरोपी
पिता की शिकायत के आधार पर एम्स थाने में केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में साधु यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्रप्रकाश समेत सात लोगों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा आयोजन से जुड़े 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग जेसीबी चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, जबकि आयोजन समिति से जुड़े लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर चले गए। राहगीर अनुपम सिंह समेत अन्य लोगों ने किशोर को अस्पताल पहुंचाया।
जेसीबी मालिक हिरासत में, चालक की तलाश
मामले में पुलिस ने जेसीबी मालिक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के दौरान जेसीबी कौन चला रहा था और रोड शो के आयोजन में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी, इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने परिजनों से मिलकर जताया दुख
किशोर की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक जताया। उन्होंने ओंकार सिंह के घर पहुंचकर आर्यवर्धन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
सड़क जाम के बाद कार्रवाई का भरोसा
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर झारखंडी मोड़ पर सड़क जाम कर दिया। परिजनों ने जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग की।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनो से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद रात करीब आठ बजे धरना समाप्त हुआ।
