रिपोर्ट: बालेन्द्र गुप्ता
झांसी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन झांसी में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का दौरा कर व्यवस्थाओं की स्थिति परखी
निरीक्षण के दौरान एएसपी ग्रामीण ने क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का जायजा लिया। उन्होंने शस्त्रागार में रखे हथियारों, कारतूसों और संबंधित अभिलेखों की जांच की। साथ ही शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव और रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने परिवहन शाखा, रेडियो शाखा और यूपी-112 कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उपलब्ध उपकरणों, अभिलेखों और कार्यालय की व्यवस्थाओं को भी परखा।
एएसपी ग्रामीण ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पुलिस अनुशासन बनाए रखने और सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शाखाओं की कार्यप्रणाली को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने पर भी जोर दिया।
