Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश के चुनावी घोषणापत्र पर राजभर का तंज, बोले- ‘सैफई सिंडिकेट’ का...

अखिलेश के चुनावी घोषणापत्र पर राजभर का तंज, बोले- ‘सैफई सिंडिकेट’ का मनीफेस्टो जारी करेंगे सपा प्रमुख

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

21 नवंबर, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित चुनावी घोषणापत्र को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को ‘मनीफेस्टो’ करार देते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने ‘सैफई सिंडिकेट’ का पूरा मनीफेस्टो जारी करना चाहिए। राजभर ने कानून-व्यवस्था, कथित वसूली, जमीन कब्जाने, स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार और आतंकवाद के आरोपितों से जुड़े मामलों को लेकर सपा पर निशाना साधा।

राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी! सुना है आप चुनावी ‘मनी’फेस्टो जारी करने वाले हैं?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश को अपने घोषणापत्र की असलियत भी जनता के सामने रखनी चाहिए। उनकी पोस्ट में सपा के कथित शासनकाल को लेकर कई गंभीर आरोप और व्यंग्यात्मक टिप्पणियां की गईं।

हर जिले में ‘माफिया संरक्षक’ बनाने का तंज

ओम प्रकाश राजभर ने सपा के कथित ‘मनीफेस्टो’ की पहली घोषणा के तौर पर हर जिले में एक-एक ‘माफिया संरक्षक’ नियुक्त करने की बात कही। उन्होंने व्यंग्य करते हुए आरोप लगाया कि इनके अधीन हजारों युवाओं को हथियार देकर गुंडागर्दी का ‘पक्का रोजगार’ उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को खुली छूट मिलने की बात कहकर भी उन्होंने सपा पर निशाना साधा।

राजभर ने गैर-यादव पिछड़ों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि विरोध करने वालों की जमीन कब्जाने, उनके साथ मारपीट करने और हत्या तक की छूट दिए जाने जैसी व्यवस्था सपा के कथित मनीफेस्टो का हिस्सा होगी।

ब्लॉक, तहसील और थानों में ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति

सुभासपा अध्यक्ष ने कथित वसूली और दलाली के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ब्लॉक, तहसील, थाना और मंडी तक ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति की जाएगी। जो जितनी अधिक दलाली करेगा, उसे ‘सैफई सिंडिकेट’ में उतना ही प्रमोशन मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना

राजभर ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी पूर्ववर्ती सपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों की खरीद, नकली दवाओं और ठेकेदारी में भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए इन्हें भी अखिलेश यादव के कथित ‘मनीफेस्टो’ से जोड़कर कटाक्ष किया।

आतंकवाद के आरोपितों को संरक्षण देने का लगाया आरोप

ओम प्रकाश राजभर ने आतंकवाद के आरोपितों से जुड़े मामलों को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आतंकवाद के आरोपितों को संरक्षण देने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई से बचाने की व्यवस्था भी इस कथित मनीफेस्टो का हिस्सा होगी। इसके अलावा साधु-संतों के साथ हुई घटनाओं और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार की आलोचना की।

‘न सरकार बनेगी, न वादे पूरे करने का दबाव आएगा’

अपनी पोस्ट के अंत में राजभर ने अखिलेश यादव के सत्ता में वापसी के दावों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि न तो सपा की सरकार बनने वाली है और न ही उसे अपने ‘मनीफेस्टो’ के वादे पूरे करने का दबाव झेलना पड़ेगा। राजभर ने तंज कसते हुए अखिलेश यादव को अपनी ‘ख्याली पतंग’ उड़ाते रहने और बड़े-बड़े दावे करते रहने की बात कही।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular