रिपोर्ट: बालेंद्र गुप्ता
झांसी। रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और माल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने शुक्रवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-ग्वालियर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। परख यान से किए गए निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, संरक्षा व्यवस्था और परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने चंबल ब्रिज की संरक्षा और अनुरक्षण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुल के नियमित रखरखाव और निगरानी के निर्देश दिए।
भिंड रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने इंजीनियरिंग स्टोर, रेस्ट हाउस, यात्री सुविधाओं और कैटरिंग स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने नए आरपीएफ बैरक के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इंजीनियरिंग स्टोर में सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव और बेहतर प्रबंधन को देखकर कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के लिए 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।
भिंड से माल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
भिंड रेलवे स्टेशन पर माल परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए गुड्स शेड की स्थायी सुविधा शुरू की गई है। डीआरएम ने बताया कि यहां इनवर्ड और आउटवर्ड दोनों तरह के माल परिवहन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को रेल के माध्यम से किफायती परिवहन का विकल्प मिलेगा। कोयला, स्टील, लोहा और पेट्रोलियम एवं ऑयल उत्पादों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की वस्तुओं का परिवहन किया जा सकेगा।
इसके बाद डबरा रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने वीआईपी कक्ष और स्काई वॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता, रखरखाव और यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
डीआरएम ने अधिकारियों को रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव, संरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर सामान्य अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (नॉर्थ) अजय मीना, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (मेन लाइन) मयंक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
