मुजफ्फरनगर। जिले के नई मंडी क्षेत्र में कूकड़ा चौराहे के पास शनिवार सुबह प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई। सुबह करीब छह बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। गोदाम से उठती ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता देखते हुए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
आग तेजी से फैलने के कारण आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों पर भी खतरा मंडराने लगा। एहतियात के तौर पर दुकानों को खाली कराया गया। दुकानों में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही सामान को भी बचाने के प्रयास किए गए।
दमकल की तीन गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियों को लगाया गया। करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास के बावजूद आग की तेज लपटों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आती रहीं।
दमकल कर्मियों का मुख्य प्रयास आग को गोदाम तक सीमित रखने और आसपास की दुकानों व प्रतिष्ठानों को इसकी चपेट में आने से बचाने पर रहा।
दुल्हन की विदाई के दौरान आतिशबाजी से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोदाम के सामने स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार रात शादी समारोह आयोजित किया गया था। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई के दौरान आतिशबाजी की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी से निकली कोई चिंगारी गोदाम में रखे प्लास्टिक तक पहुंच गई, जिससे आग लग गई।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दमकल की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने में जुटी रहीं।
