हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। सुबह करीब 11:30 बजे पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। मां के अंतिम दर्शन करते समय उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री रातभर उनके पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। बताया गया कि उन्होंने इस दौरान भोजन भी नहीं किया। शनिवार सुबह घर पर अंतिम रस्में पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई।
छोटे भाई ने दी मुखाग्नि
हरिद्वार के चंडीघाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन ने मां सावित्री देवी को मुखाग्नि दी। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने मां की चिता की परिक्रमा की और उन्हें प्रणाम कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के समय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कई बड़े नेता अंतिम संस्कार में हुए शामिल
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए। इनके अलावा उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने भी अंतिम विदाई दी।
91 वर्ष की उम्र में हुआ था निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं। गांव के लोगों के मुताबिक, वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली थी।
मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और मां को श्रद्धांजलि दी थी। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया।
लखनऊ में राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
मां के अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम लखनऊ लौटेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।
