लखनऊ के चौक इलाके में टेढ़ी बाजार स्थित एक मकान के बेसमेंट में बने पूजा सामग्री के गोदाम में शनिवार रात भीषण आग लग गई
। गोदाम में रखा सामान धू-धूकर जलने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
करीब छह फायर टेंडरों की मदद से फायर फाइटर्स ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग के मुताबिक, रात करीब 11:10 बजे फायर स्टेशन चौक के कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। बताया गया कि सुभाष मार्ग स्थित टेढ़ी बाजार, रकाबगंज में प्रतीक के मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में आग लगी है।
सूचना पर चौक फायर स्टेशन के प्रभारी कमलेन्द्र कुमार सिंह दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंचे।
तेजी से बढ़ी आग, आसपास की दुकानें भी थीं खतरे में
गोदाम में बड़ी मात्रा में पूजा सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। फायर फाइटर्स ने तत्काल दो होज पाइप लगाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए हजरतगंज और चौक फायर स्टेशन से एक-एक वाटर ब्राउजर तथा आलमबाग और बीकेटी फायर स्टेशन से एक-एक अतिरिक्त फायर टेंडर मौके पर बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। साथ ही आसपास की दुकानों और उनमें रखे सामान को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है
