Homeउत्तर प्रदेशCM योगी बोले- विकसित भारत की ताकत बनेंगे हुनरमंद युवा

CM योगी बोले- विकसित भारत की ताकत बनेंगे हुनरमंद युवा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कौशल विकास से प्रशिक्षित युवा वर्ष 2047 के विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सबसे मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को आत्मनिर्भरता और श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में स्किल इंडिया मिशन की शुरुआत कर देश की युवा शक्ति को सही दिशा और अवसर देने का काम किया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, जरूरत सिर्फ उसकी प्रतिभा को पहचानकर सही प्रशिक्षण और अवसर देने की है।

17 लाख युवाओं को प्रशिक्षण, 7 लाख को कैंपस सेलेक्शन से नौकरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कौशल विकास मिशन को तेजी से आगे बढ़ाया गया। अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें 7 लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सेलेक्शन के जरिए नौकरी मिली है।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत आवासीय प्रशिक्षण के जरिए 1.23 लाख से अधिक ग्रामीण युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने में मदद मिली है।

ITI में AI, रोबोटिक्स और ड्रोन की पढ़ाई

योगी ने कहा कि नई शिक्षा नीति में पारंपरिक शिक्षा के साथ कौशल विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत 1,700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों के 2.50 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वहीं टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक ITI में AI, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3D प्रिंटिंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षित 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस सेलेक्शन के जरिए रोजगार मिला है।

2026 के रोजगार मेलों में 50 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3,400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र के कौशल प्रशिक्षण संस्थानों को एकीकृत करने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर युवाओं को प्रशिक्षण देने के साथ उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कुशल कार्यबल तैयार किया जाएगा।

योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं की प्रतिभा को रोजगार से जोड़ते हुए उन्हें देश की विकास यात्रा का मजबूत भागीदार बनाना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में कौशलयुक्त युवा निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular