लखनऊ। गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में आयोजित दो दिवसीय ‘देशज उत्सव’ का रविवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ।
उत्सव के दूसरे दिन देशभर से आए लोक कलाकारों ने लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के जरिए भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
मशहूर लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने कार्यक्रम में पहुंचकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के लोकनाट्य नकटौरा, आल्हा गायन और पारंपरिक विवाह गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आल्हा गायिका संजू बघेल की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे।
राजस्थान से केरल तक दिखी लोककलाओं की झलक
उत्सव में राजस्थान की तेरह ताली, चकरी और घूमर, गुजरात का भवई, महाराष्ट्र की लावणी, सिक्किम का याक छम और सिंघी छम आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा मध्य प्रदेश का गेंड़ी नृत्य, पश्चिम बंगाल का छऊ, पंजाब के लोकगीत, ओडिशा का बोंडा जनजातीय नृत्य और केरल की कथकली ने भी दर्शकों की तालियां बटोरीं।
उत्तर प्रदेश के धोबिया लोकनृत्य और नौटंकी की प्रस्तुतियों ने भी लोकजीवन की झलक दिखाई।
लोक कलाकारों को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच
आयोजकों ने कहा कि देशज उत्सव जैसे आयोजन भारतीय लोक परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दो दिवसीय आयोजन ने ‘विविधता में एकता’ की भावना को साकार किया।
कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मांडवी सिंह सहित कला एवं संस्कृति से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
