लखनऊ, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनता दर्शन में एक अभिभावक की भूमिका में नजर आए। इस दौरान उन्होंने गोंडा से आए कक्षा-8 के छात्र प्रिंस साहू की फरियाद सुनी और उसे पढ़ाई के साथ क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता के साथ क्रिकेट की कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र स्थित पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपना नाम कमाना चाहता है। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह क्रिकेट की फीस भरने और किट खरीदने में असमर्थ है।
बच्चे की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने करीब 4-5 मिनट तक उससे बातचीत की और उसकी काउंसलिंग की। उन्होंने कहा, ‘बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। खूब खेलो, लेकिन पढ़ाई-लिखाई भी जरूरी है।’ मुख्यमंत्री ने उसे पहले कक्षा-8 का सत्र अच्छे अंकों से पास करने की सलाह दी और इसके बाद क्रिकेट कोचिंग में एडमिशन कराने का आश्वासन दिया।

जनता दर्शन में अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे सभी लोगों से मुलाकात की और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। साथ ही समाधान ऐसा हो, जिससे शिकायतकर्ता भी संतुष्ट हो।
आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा इलाज
जनता दर्शन में आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजकर समय से समाधान कराने के निर्देश दिए।

