लखनऊ। उत्तर प्रदेश को खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी लखनऊ में प्रदेश का पहला राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) सैटेलाइट सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए शहर में तीन स्थानों को चिह्नित किया गया है। इनमें आलमबाग स्थित राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, अलीगंज का राजकीय उद्यान और हजरतगंज स्थित उद्यान निदेशालय शामिल हैं।
इस सेंटर के स्थापित होने से प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को आधुनिक तकनीक और अनुसंधान से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। सेंटर में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच, नई तकनीकों के विकास, प्रयोगशाला अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे कोर्स
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा के अनुसार, सरकार कृषि और उद्यानिकी को परंपरागत खेती तक सीमित न रखकर आधुनिक तकनीक और उद्योगों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इसी उद्देश्य से निफ्टेम का सैटेलाइट सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
यहां खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक और तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों को उद्योगों की मांग के हिसाब से तैयार किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। सेंटर के संचालन और विकास में निफ्टेम सोनीपत के विशेषज्ञ सहयोग करेंगे।
इसके अलावा यहां खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं, अनुसंधान एवं विकास केंद्र और इन्क्यूबेशन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों की क्षमता बढ़ाने के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम भी आयोजित किए जाएंगे।
खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और प्रमाणन पर रहेगा जोर
सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके तहत निफ्टेम के सहयोग से क्षेत्रीय खाद्य अनुसंधान एवं विश्लेषण केंद्र (आरएफआरएसी), लखनऊ को तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं, एपीडा और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से संबंधित प्रक्रियाओं में भी विशेषज्ञ सहयोग करेंगे।
इससे खाद्य उत्पादों की जांच, गुणवत्ता आश्वासन और प्रमाणन की व्यवस्था मजबूत होगी। स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बनाने और उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
गांवों से प्रयोगशालाओं तक मिलेगा प्रशिक्षण
सेंटर में विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव देने की भी योजना है। इसके लिए विद्यार्थियों को निफ्टेम सोनीपत का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं और अन्य हितधारकों के लिए प्रमाणन कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।
एमएससी विद्यार्थियों के लिए विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम संचालित करने की योजना है। इसके तहत विद्यार्थी चयनित गांवों में जाकर कृषि और उद्यान उत्पादों की उपलब्धता, उनके प्रसंस्करण और उनसे जुड़ी व्यावसायिक संभावनाओं का अध्ययन करेंगे।
वहीं, राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, लखनऊ के एमएससी विद्यार्थियों को अनुसंधान और नए खाद्य उत्पादों के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में शामिल किया जाएगा।
देश के बड़े संस्थानों का मिलेगा सहयोग
निफ्टेम सैटेलाइट सेंटर के विकास में कई प्रतिष्ठित संस्थान सहयोग करेंगे। इनमें निफ्टेम सोनीपत के अलावा केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (आईसीएआर-सीआईएसएच), केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (सीएफटीआरआई) और लखनऊ विश्वविद्यालय शामिल हैं।
इन संस्थानों की विशेषज्ञता का लाभ उठाकर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण का मजबूत ढांचा तैयार किया जाएगा। इससे युवाओं को नए कौशल सीखने और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उद्यम शुरू करने के अवसर भी मिल सकेंगे।
