Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में जमीन विवाद में फायरिंग, युवक गंभीर घायल; बुलंदशहर में ठेकेदार...

लखनऊ में जमीन विवाद में फायरिंग, युवक गंभीर घायल; बुलंदशहर में ठेकेदार की गोली लगने से मौत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बुलंदशहर में एक ठेकेदार की गोली लगने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ में जमीन विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने चलाई गोली

पहली घटना राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के कटरा बक्कास की है। जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी डीलर सुखविंदर सिंह अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी नईम अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। नईम जमीन को विवादित बताते हुए वहां चल रहे काम को रुकवाना चाहता था।

इसी बात को लेकर सुखविंदर सिंह और नईम के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि सुखविंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर नईम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से नईम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जमीन विवाद और फायरिंग के कारणों की पड़ताल कर रही है।

बुलंदशहर में ठेकेदार की गोली लगने से मौत

दूसरी घटना बुलंदशहर के देहात थाना क्षेत्र की जीवनगीत कॉलोनी की है। यहां ठेकेदार कपिल बालियान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के समय वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी और बेटियां गांव गई हुई थीं।

जानकारी के मुताबिक, कपिल बालियान को उनकी लाइसेंसी पिस्टल से गोली लगी थी। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular