Homeउत्तर प्रदेशपत्नी के प्रेमी की हत्या के दोषी अनुराग पाल को उम्रकैद, 12...

पत्नी के प्रेमी की हत्या के दोषी अनुराग पाल को उम्रकैद, 12 हजार रुपये का जुर्माना

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या करने और शव छिपाने के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-20 की अदालत ने अनुराग पाल को उम्रकैद की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 12 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अनुराग पाल सीतापुर का रहने वाला है।

अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील सीमा सिंह ने बताया कि मामले में 18 सितंबर 2019 को मृतक प्रदीप पाल के पिता परशुराम ने मड़ियांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनका बेटा प्रदीप आरओ सर्विस सेंटर में काम करता था। वह घटना वाले दिन सुबह करीब नौ बजे ड्यूटी के लिए घर से निकला था।

रात 11 से 12 बजे तक प्रदीप घर नहीं लौटा तो उसकी बहन ने फोन किया। इस पर प्रदीप ने बताया कि वह अनुराग पाल के साथ है और 15-20 मिनट में घर पहुंच जाएगा। हालांकि, इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

अगले दिन पुलिस ने मृतक के पिता को फोन कर सूचना दी कि एक लावारिस शव और मोटरसाइकिल मिली है। इसके बाद परिजनों को थाने बुलाकर शव की पहचान कराई गई।

विवेचना में सामने आया अवैध संबंध का मामला

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि अनुराग पाल अपनी पत्नी के साथ मृतक प्रदीप के घर में किराए पर रहता था। दोनों परिवार दूर के रिश्तेदार भी थे। साथ रहने के दौरान प्रदीप और अनुराग की पत्नी के बीच संबंध हो गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर अनुराग ने प्रदीप को जान से मारने की धमकी दी थी।

अभियोजन के मुताबिक, घटना वाली शाम दोनों को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक साथ देखा गया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अनुराग पाल को हत्या और शव छिपाने का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही 12 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

RELATED ARTICLES

Most Popular