लखनऊ। शहरी मलिन बस्तियों और श्रमिक अड्डों पर रहने वाले गरीबों और मजदूरों को अब इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग पांच शहरों में स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट (एसएमएमयू) शुरू करने जा रहा है। ये मोबाइल यूनिट लोगों के घर और कार्यस्थल तक पहुंचकर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। खास बात यह है कि लखनऊ में महिलाओं और बच्चों के लिए अलग से पिंक मोबाइल मेडिकल यूनिट भी खरीदी जा रही है।
इस योजना को लेकर सोमवार को एसजीपीजीआई के अस्पताल प्रशासन विभाग में राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एसएचएसआरसी), उत्तर प्रदेश की ओर से बैठक आयोजित की गई। इसमें चार चिकित्सा महाविद्यालयों के सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक का विषय ‘फ्रॉम प्लानिंग टू प्रैक्टिस : ऑपरेशनलाइजिंग द एसएमएमयू मॉडल’ रहा। योजना के तहत लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी के लिए पांच स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट खरीदी जा रही हैं। इनका संचालन मुख्य रूप से शहरी मलिन बस्तियों और श्रमिक अड्डों पर किया जाएगा।
रोजाना 50 मरीजों की जांच का लक्ष्य
दिहाड़ी मजदूरों और प्रवासी श्रमिकों को अक्सर इलाज के लिए काम छोड़ना पड़ता है। अस्पताल आने-जाने का खर्च और लंबी प्रतीक्षा के कारण कई बार वे अपनी बीमारी को नजरअंदाज कर देते हैं। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए ऐसे लोगों को उनके घर और कार्यस्थल के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश हर्षवर्धन के मुताबिक, प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट में रोजाना कम से कम 50 मरीजों की जांच और उपचार का लक्ष्य रखा गया है। इसमें ओपीडी परामर्श, विभिन्न चिकित्सकीय जांच, रेडियोग्राफी, दवाओं का वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी।
गंभीर मरीजों और उच्चस्तरीय जांच की जरूरत वाले लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
लखनऊ में महिलाओं और बच्चों के लिए होगी पिंक यूनिट
लखनऊ में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष पिंक मोबाइल मेडिकल यूनिट खरीदी जा रही है। इसमें महिलाओं और बच्चों के लिए जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में बीएचयू, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर, एमएलएन मेडिकल कॉलेज प्रयागराज और बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के प्रतिनिधि शामिल हुए।
