HomeUncategorizedयूपी में 64% घटे जाम के प्वाइंट, सड़क हादसों में मौतें भी...

यूपी में 64% घटे जाम के प्वाइंट, सड़क हादसों में मौतें भी 10% कम: डीजीपी राजीव कृष्ण

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। शहर के प्रमुख चौराहों पर भले ही वाहन जाम में फंस रहे हों, लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस का दावा है कि तकनीक के इस्तेमाल से प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर यातायात जाम के प्वाइंट में 64 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में भी 10 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस की इन उपलब्धियों का ब्योरा साझा किया।

डीजीपी के मुताबिक, यूपी गति प्लेटफॉर्म के माध्यम से गूगल के रियल टाइम ट्रैफिक डाटा की मदद से प्रमुख मार्गों पर यातायात के दबाव और जाम की निगरानी की जा रही है। मार्च 2026 में इस प्लेटफॉर्म पर दर्ज 16,723 कंजेशन प्वाइंट अक्टूबर में घटकर 6,080 रह गए। इस तरह यातायात जाम के प्वाइंट में करीब 64 प्रतिशत की कमी आई है।

सड़क हादसों में मौतों में 10 प्रतिशत की गिरावट

डीजीपी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जीरो फटालिटी डिस्ट्रिक्ट्स योजना के तहत प्रदेश, जनपद, थाना, क्रिटिकल कॉरिडोर और ब्लैक स्पॉट स्तर पर निगरानी की जा रही है। अक्टूबर 2026 तक पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में नौ प्रतिशत और हादसों में होने वाली मौतों में 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, इन प्रयासों से एक हजार से अधिक लोगों की जान बचाने में सफलता मिली है।

ऑपरेशन कन्विक्शन से 1.64 लाख से अधिक अभियुक्तों को सजा

अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीजीपी के अनुसार, एक जुलाई 2023 से 18 नवंबर 2026 तक 1,64,917 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई है। इसके पीछे प्रभावी विवेचना, अभियोजन विभाग के साथ बेहतर समन्वय और न्यायालयों में मजबूत पैरवी को प्रमुख वजह बताया गया।

2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती

डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश पुलिस में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और बिग डेटा आधारित यक्ष एप के जरिए पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular