रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
एंटरटेनमेंट डेस्क। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Avengers: Doomsday’ का फाइनल ट्रेलर रिलीज हो गया है। 23 नवंबर को जारी हुए इस ट्रेलर ने सुपरहीरो फिल्मों के प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज किए गए ट्रेलर में एवेंजर्स, एक्स-मेन और फैंटास्टिक फोर जैसे किरदार एक बड़े खतरे का सामना करते नजर आ रहे हैं। इस बार उनके सामने डॉक्टर डूम सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है।
ट्रेलर में अलग-अलग सुपरहीरो टीमों को एक साथ आते दिखाया गया है। कहानी में मल्टीवर्स का खतरा अहम भूमिका निभाता नजर आ रहा है। डॉक्टर डूम की ताकत से कई ब्रह्मांडों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। ऐसे में सुपरहीरो के सामने एकजुट होकर मुकाबला करने की चुनौती है।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी बनी सबसे बड़ा आकर्षण
फिल्म की सबसे खास बात रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी है। इस बार वह आयरन मैन नहीं, बल्कि विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में क्रिस इवांस की स्टीव रोजर्स के रूप में वापसी भी दिखाई गई है। पेगी कार्टर और उनके परिवार की कहानी भी फिल्म में अहम भूमिका निभा सकती है।
फिल्म की स्टारकास्ट में क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू, वैनेसा किर्बी, टॉम हिडलस्टन, सेबेस्टियन स्टैन, सिमू लियू, इयान मैकेलेन और पैट्रिक स्टीवर्ट जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
फिल्म का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो ने किया है। इसकी कहानी स्टीफन मैकफीली ने लिखी है। फिल्म के निर्माता केविन फीगे, लुई डी’एस्पोसिटो और जोनाथन श्वार्ट्ज हैं।
भारत में 17 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
मार्वल स्टूडियोज की ‘Avengers: Doomsday’ भारत में 17 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, अमेरिका में यह फिल्म 18 दिसंबर को रिलीज की जाएगी। भारतीय दर्शक इसे अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में देख सकेंगे। फिल्म को प्रीमियम सिनेमाई फॉर्मेट Infinity Vision में भी रिलीज किया जाएगा।
