रिपोर्ट: न्यूज डेस्क अयोध्या
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सरयू नदी के घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे घाटों पर सुबह की पहली किरण के साथ स्नान और दान-पुण्य का सिलसिला शुरू हो गया। घाटों पर लगातार बढ़ती भीड़ के बीच जय श्रीराम और धार्मिक जयकारे गूंजते रहे।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। सरयू में स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें
सरयू स्नान के बाद श्रद्धालुओं का रुख अयोध्या के प्रमुख मंदिरों की ओर हो गया। मंगलवार होने के कारण हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। बजरंगबली के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। नागेश्वरनाथ मंदिर, कनक भवन और रामवल्लभाकुंज समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं को जत्थों में दर्शन कराए गए।
एक महीने के कल्पवास का हुआ समापन
कार्तिक पूर्णिमा का पर्व सरयू तट पर एक महीने से कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष रहा। कल्पवासियों ने आंवले के पेड़ के नीचे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कल्पवास का उद्यापन किया।
पूरे महीने नियमित स्नान, ध्यान, भजन और कीर्तन में समय बिताने वाले श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
शाम को सरयू तट पर सजेगी दीपों की कतार
कार्तिक पूर्णिमा के साथ अयोध्या में देव दीपावली को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रमुख मंदिरों में दीपोत्सव की व्यवस्था की गई है। शाम को सरयू तट पर भव्य महाआरती होगी। घाटों को दीपों से सजाया जाएगा। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
घाटों से मंदिरों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं। सरयू घाटों, प्रमुख मंदिरों और मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
इसके अलावा ड्रोन कैमरों के माध्यम से घाटों और मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो।
