लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। दिल्ली में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत चल रही है, इसी बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पांच सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर कांग्रेस पर दबाव बढ़ा दिया है।
सपा ने बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को प्रत्याशी घोषित किया है। इनमें ललितपुर को छोड़कर बाकी चार उम्मीदवार 2022 के विधानसभा चुनाव में भी अपनी सीट जीत चुके हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ने चुनाव का आगाज कर दिया है।
2022 के प्रदर्शन को आधार बना रही सपा
सूत्रों के मुताबिक, सपा कांग्रेस को करीब 26 सीटों का प्रस्ताव दे रही है, जबकि पार्टी के भीतर करीब 52 सीटों का गणित तैयार किया गया है। सपा का तर्क 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन पर आधारित है।
2022 में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और केवल दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। पार्टी के 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई थी। सपा इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस को सीमित सीटें देने की पैरवी कर रही है।
सपा के प्रस्ताव में कांग्रेस की जीती हुई रामपुर खास और फरेंदा सीटों के अलावा मथुरा, खैरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर जैसी सीटों को भी शामिल बताया जा रहा है, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।
कांग्रेस ने 67 सीटों पर रखा दावा
वहीं कांग्रेस सीट बंटवारे के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव को आधार बना रही है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत दर्ज की थी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने अपनी मांग को घटाकर 67 सीटों तक सीमित किया है। इनमें 46 सीटों को ए श्रेणी और 21 को बी श्रेणी में रखा गया है। कांग्रेस अमेठी, रायबरेली और सहारनपुर जैसी सीटों पर अपनी मजबूत दावेदारी मान रही है।
दिल्ली में घंटों चली बातचीत
सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में मंगलवार को दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की बैठक हुई। करीब साढ़े तीन घंटे चली बातचीत के बावजूद दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर कायम रहे। अब मामला शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर पहुंचने के आसार हैं।
ऐसे में सपा और कांग्रेस के बीच टकराव सिर्फ सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है। दोनों दल यूपी में गठबंधन के भीतर अपनी राजनीतिक ताकत और हिस्सेदारी को लेकर आमने-सामने हैं। अंतिम समझौते में 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के साथ-साथ संबंधित सीटों पर मौजूदा राजनीतिक स्थिति भी अहम भूमिका निभा सकती है।
